‘उनके बिना खेलना मुश्किल, दो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों…’ रोहित-विराट के रिटायरमेंट पर बोले गौतम गंभीर

2 Min Read
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक युग का अंत हो चुका है. रोहित शर्मा और विराट कोहली, दो दिग्गजों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. इस बदलाव के बीच भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे एक “चुनौतीपूर्ण लेकिन अवसरपूर्ण मोड़” बताया है, जहां टीम को नए नेतृत्व और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना होगा.
संन्यास एक निजी फैसला है: कोच गंभीर
गंभीर ने साफ शब्दों में कहा कि किसी खिलाड़ी के रिटायरमेंट को लेकर बाहरी दखल नहीं होना चाहिए. CNN-News18 से बातचीत में उन्होंने कहा, “कब खेलना है और कब रुकना है, ये फैसला हर खिलाड़ी का व्यक्तिगत होता है. कोई कोच, चयनकर्ता या कोई और यह तय नहीं कर सकता कि उसे कब रिटायर होना चाहिए.”
उनका यह बयान उन अफवाहों को भी खारिज करता है जिनमें कहा जा रहा था कि कोच गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के साथ मतभेदों की वजह से रोहित और कोहली ने टेस्ट से विदाई ली.
हम दो स्तंभों के बिना मैदान में उतरेंगे- गंभीर
गंभीर ने माना कि रोहित और विराट की गैरमौजूदगी टीम के लिए एक बड़ी चुनौती होगी. उन्होंने कहा, “यह आसान नहीं होगा, लेकिन यही वह समय है जब युवाओं को अपनी जिम्मेदारी उठाने और खुद को साबित करने का मौका मिलेगा.”
उन्होंने 2023 की चैंपियंस ट्रॉफी की याद दिलाते हुए कहा कि भारत ने जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भी शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने कहा, “जब बड़े खिलाड़ी टीम में नहीं होते, तब किसी और को खास करने का अवसर मिलता है.”
Share This Article